मास्क बनाएंगे जीवन बचाएंगे मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जीवन शक्ति योजना लांच की

मास्क बनाएंगे जीवन बचाएंगे
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जीवन शक्ति योजना लांच की
घर-घर महिलाएं बनाएंगी मास्क, लाभ कमाएंगी


भोपाल-मुख्यमंत्री श्री Shivraj Singh Chouhan ने आज मंत्रालय में जीवन शक्ति योजना लॉन्च की, जिसके अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में महिलाएं घर-घर मास्क बनाएंगी तथा लाभ कमाएंगी। सरकार प्रति मास्क उनको ₹11 की राशि तुरंत उपलब्ध कराएगी।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से  मास्क बनाने के लिए पंजीयन करा चुकी प्रदेश की कुछ महिलाओं से बातचीत करते हुए कहा कि मास्क बनाकर न केवल आप लाभ कमाएंगी अपितु एक पुण्य का कार्य भी करेंगी। मास्क पहनने से लोगों का जीवन बचेगा। मास्क कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकेगा। मुख्यमंत्री ने भोपाल की राबिया खान, नीमच की साइना बी, रायसेन की वृंदा अहिरवार, इंदौर की वर्षा जोशी, उज्जैन की गरिमा तथा गुना की नूरी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत की तथा मास्क के निर्माण के संबंध में जानकारी दी।


मुख्यमंत्री ने बताया कि मास्क बनाने की इच्छुक महिलाओं को अपने दूरभाष अथवा मोबाइल के माध्यम से कॉल सेंटर नंबर 0755-2700800 पर कॉल कर अपना पंजीयन कराना होगा। पंजीयन उपरांत उन्हें उनके मोबाइल पर ही मास्क बनाने का ऑर्डर मिल जाएगा। एक बार में उन्हें कम से कम 200 मास्क बनाने का आर्डर मिलेगा। मास्क सूती कपड़े का बनना है। मास्क बनाने के उपरांत वे अपने नगरीय निकाय में बनाए गए एक नोडल अधिकारी के पास अपने मास्क जमा करा देंगी। मास्क जमा करवाते ही उनको भुगतान की कार्रवाई की जाएगी। भुगतान उसी दिन अथवा अगले दिन उनके खाते में उन्हें प्राप्त हो जाएगा।