सीएए पर कांग्रेस का भ्रम दूर करने सबका समर्थन जरूरी : ललिता यादव
घुवारा में तिरंगा यात्रा निकाली, ढिलापुर में भी लोगों को किया जागरूक
छतरपुर- नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में आज पूर्व मंत्री श्रीमती ललिता यादव ने बड़ामलहरा क्षेत्र के घुवारा में तिरंगा यात्रा निकाली। छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ढिलापुर उन्होंने घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया।
भाजपा द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पूर्व मंत्री श्रीमती ललिता यादव ने घुवारा में धूमधाम के साथ तिरंगा यात्रा निकाल कर नागरिकों को सीएए के प्रति जागरूक किया। तिरंगा यात्रा में हाथों में तिरंगा झंडा लेकर भाजपा कार्यकर्ता बैंड बाजों के साथ नगर भ्रमण पर निकले। तिरंगा यात्रा के समापन पर सभा हुई। सभा में श्रीमती ललिता यादव ने कहा कि देश के बंटवारे के समय गांधी जी ने कहा था जो अल्प संख्यक पाक में रह गए हैं वो कभी भी भारत आ सकते हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, मनमोहन सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी यही कहा था। मोदी जी ने कानून बना दिया तो बुरे हो गए। कमलनाथ कहते हैं मध्य प्रदेश में सीएए लागु नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अरे कमलनाथ जी मोदी जी और अमित शाह की मत मानिए लेकिन गांधी जी, मनमोहन सिंह को तो मानिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोगों को बरगला रही है। इस भ्रम को दूर करने आप सभी का समर्थन जरुरी है।
इस मौके पर घुवारा मंडल अध्यक्ष पहलवान सिंह चंदेल,पूर्व मंडल अध्यक्ष स्वरूप सिंह, बड़ामलहरा मंडल अध्यक्ष गिरजा पटेरिया, तिरंगा यात्रा प्रभारी दिग्विजय त्रिपाठी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रविराजा, सुरेन्द्र सिंह, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष लखन फौजदार, विजय असाटी, रघुनाथ शर्मा, पप्पू राय, मोनू यादव, प्रेम नारायण मिश्रा, विक्रम बुंदेला,सूरज सिंह, नीलू गुप्ता, राजू यादव सहित अनेक लोग मौजूद थे।
पूर्व मंत्री श्रीमती ललिता यादव ने छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के ढिलापुर पहुंचकर वहां भी संघन जनसंपर्क किया। उन्होंने लोगों से कहा कि सीएए से मुसलमानों को किसी भी तरह से चिंतित होने की जरूरत नहीं है। इस कानून से उनकी नागरिकता को कोई खतरा नहीं है। यह कानून केवल पाकिस्तान, बंगलादेश और अफगानिस्तान के अल्पसंख्यकों के हित के लिए बनाया गया है।