सार्थक एप में हाजिरी के बाद ही आहरित होगा अक्टूबर माह का वेतन
छतरपुर, 15 अक्टूबर 19
कलेक्टर मोहित बुंदस ने जानकारी दी है कि आमजन की दिक्कतों के निवारण के उद्देश्य से मैदानी कर्मचारियों के अक्टूबर माह का वेतन सार्थक एप में हाजरी के बाद ही आहरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संबंधित कर्मचारी निर्धारित समय पर एप के जरिए अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। जरूरी कार्य से मुख्यालय से बाहर रहने की स्थिति में नियत स्थान से शासकीय कर्त्तव्य के निर्वहन संबंधी फोटो अपलोड की जा सकती है।
एप के बारे में आवश्यक जानकारी से संबंधित कर्मचारियों को जरूरी प्रशिक्षण देने के बाद भी इसका पालन नहीं करने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। अतः इस संबंध में कलेक्टर द्वारा पुनः संबंधितों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। कोषालय अधिकारियों को भी एप के माध्यम से दर्ज उपस्थिति के आधार पर अक्टूबर माह का वेतन आहरित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन की मंशा है कि समाज के अंतिम छोर के हितग्राही और आमजनों को समय पर शासकीय योजनाओं से लाभांवित किया जा सके।
उल्लेखनीय है कि मैप आईटी भोपाल द्वारा इस एप का निर्माण किया गया है। प्रथम चरण में जनता से सीधे तौर पर जुड़े कर्मचारियों जैसे पटवारी, ग्रामसेवक, सचिव, रोजगार सहायक, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता का वेतन एप के जरिए आहरित किए जाने का निर्णय लिया गया है।
सार्थक एप में हाजिरी के बाद ही आहरित होगा अक्टूबर माह का वेतन